क्राइमदेहरादूननवीनतम

देहरादून सचिवालय में महिला अधिकारी से अभद्रता का आरोप, उपनलकर्मी पर मुकदमा

ख़बर शेयर करें -

फेसबुक पर संपर्क के बाद बार-बार फोन कर परेशान करने का आरोप; 16 अक्टूबर की घटना के बाद कर्मचारी को तैनाती से हटाया गया

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित सचिवालय में आयुष शिक्षा विभाग की एक महिला अनुभाग अधिकारी के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप सहकारिता विभाग में तैनात उपनल कर्मचारी पंकज सिंह पर लगे हैं। महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Ad Ad

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी कर्मचारी फेसबुक के माध्यम से महिला अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था। महिला अधिकारी ने परेशान होकर उसे ब्लॉक कर दिया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी वह बार-बार फोन कर उन्हें परेशान करता रहा। आरोप है कि 16 अक्टूबर को कर्मचारी नशे की हालत में सचिवालय स्थित कार्यालय पहुंचा और महिला अधिकारी के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें धमकी दी।

घटना की जानकारी मिलने पर सचिवालय संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी समेत अन्य कर्मचारियों ने हस्तक्षेप किया। इस दौरान आरोपी कर्मचारी के साथ मारपीट होने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद उसे सचिवालय में तैनाती से हटा दिया गया। महिला अधिकारी ने पुलिस से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि संबंधित कर्मचारी कई दिनों से उनका पीछा कर रहा था और उन्हें लगातार परेशान कर रहा था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(2), 352, 78 और 79 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।