चम्पावत : अपर्णा पनेरू को किया गया नंदा शिखर सम्मान 2026 से सम्मानित
चम्पावत। जनपद की प्रतिभाशाली कलाकार अपर्णा पनेरू को सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से नंदा शिखर सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें उत्तराखंड की पारंपरिक लोक कला, विशेष रूप से ऐंपण कला के संरक्षण, संवर्धन एवं नवाचारपूर्ण प्रस्तुति के लिए प्रदान किया गया।

वर्षों से अपर्णा अपनी कला के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उसे आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत करने का सराहनीय प्रयास कर रही हैं। उनकी कृतियों में पारंपरिकता और नवाचार का सुंदर समन्वय देखने को मिलता है, जिसने उन्हें प्रदेश स्तर पर विशेष पहचान दिलाई है।
यह सम्मान उन्हें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदान किया गया, जो उनके लिए जीवन का एक अविस्मरणीय एवं प्रेरणादायक क्षण रहा। अपर्णा ने इस उपलब्धि को केवल अपना व्यक्तिगत सम्मान न मानते हुए उत्तराखंड की कला, संस्कृति और अपनी जन्मभूमि चम्पावत की मिट्टी को समर्पित किया है। उन्होंने भविष्य में भी पूर्ण समर्पण के साथ अपनी कला के माध्यम से समाज एवं संस्कृति की सेवा करते रहने का संकल्प व्यक्त किया। जनपद चम्पावत में इस उपलब्धि को लेकर हर्ष और गर्व का माहौल है। स्थानीय नागरिकों एवं कला प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे पूरे जिले के लिए गौरव का विषय बताया है।

