चम्पावत : भाला लगने से छात्र की मौत का मामला, एसपी ने घटना स्थल का किया निरीक्षण
चम्पावत। गोरल चौड़ मैदान में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान फेंके गए भाला की चपेट में आने से एक छात्र की मौत के मामले में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके का बारीकी से जायजा लिया तथा उपस्थित पुलिस अधिकारियों को घटना के संबंध में विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।

मालूम हो कि शनिवार की सुबह जिला मुख्यालय स्थित गोरल चौड़ मैदान में पॉलीटेक्निक कॉलेज की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता शुरू होनी थी। प्रतियोगिताएं शुरू होने से पहले छात्र छात्राएं अभ्यास कर रहे थे। इस दौरान एक छात्र भाला फेंक का अभ्यास कर रहा था। उसके द्वारा फेंका गया भाला समीप ही फुटबॉल का अभ्यास कर रहे छात्र 20 वर्षीय सोमेंद्र सिंह बोहरा को जा लगा। भाला सीधे छात्र के गले में धंस गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक छात्र सोमेंद्र सिंह बोहरा रीठा साहिब क्षेत्र के ग्राम मछियाड़ का रहने वाला था। वह यहां जूप में अपनी बुआ के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। मृतक छात्र के पिता भूपाल सिंह बोहरा गुजरात में कार्यरत हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। बाद में आवश्यक कार्यवाही किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।



