चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर: अवर अभियंता न होने से विकास कार्य ठप, सभासदों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख की नियुक्ति की मांग

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। सीमांत नगर पालिका टनकपुर में विकास कार्यों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है। नगर पालिका के एकमात्र अवर अभियंता (JE) के 31 मार्च को सेवानिवृत्त होने के बाद से यह पद खाली पड़ा है, जिससे शहर के कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य और बोर्ड बैठकों के प्रस्ताव अधर में लटके हुए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका के विभिन्न वार्डों के सभासदों ने एक संयुक्त पत्र मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजा है। सभासदों का कहना है कि टनकपुर जिले की सबसे बड़ी नगर पालिका है, जहां हर समय निर्माण और रखरखाव के कार्यों की देखरेख के लिए एक तकनीकी अधिकारी का होना अनिवार्य है। जेई का पद रिक्त होने से नए टेंडर और पुराने कार्यों का भुगतान प्रभावित हो रहा है। पिछली बोर्ड बैठकों में पारित कई निर्माण प्रस्तावों पर काम शुरू नहीं हो पा रहा है। जल निकासी, सड़क मरम्मत और अन्य बुनियादी ढांचागत कार्यों के लिए तकनीकी स्वीकृति न मिल पाने से जनता को परेशानी हो रही है।
मुख्यमंत्री को मांग पत्र भेजने वालों में सभासद दिनेश कुमार, बबीता वर्मा, चर्चित शर्मा, वर्षा शर्मा, हसीब अहमद, किशोर जोशी और नवीन नेगी शामिल हैं। सभासदों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नियुक्ति नहीं की गई, तो शहर के विकास की गति पूरी तरह थम जाएगी। अब देखना यह है कि शासन स्तर से इस पर कितनी जल्दी संज्ञान लिया जाता है।

Ad Ad
Ad Ad