चम्पावत : दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान के लिए 25 सितंबर को लगेगा संयुक्त मोबाइल कोर्ट
5 सितंबर तक शिकायतें और अभिलेख भेजने की अपील, ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगी सुनवाई
चम्पावत। दिव्यांगजनों की समस्याओं और उनके अधिकारों के प्रभावी समाधान के लिए 25 सितंबर 2026 को देहरादून के राजपुर रोड स्थित हयात सैट्रिक में संयुक्त मोबाइल कोर्ट/शिकायत निवारण कैंप आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन मुख्य आयुक्त दिव्यांगजन, भारत सरकार एवं राज्य आयुक्त दिव्यांगजन, उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में प्रस्तावित है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपद के दिव्यांगजनों से संयुक्त मोबाइल कोर्ट का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.एस. सामंत ने बताया कि मोबाइल कोर्ट में सुनवाई के लिए दिव्यांगजन अपने शिकायती प्रार्थना-पत्र के साथ दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, शिकायत से संबंधित आवश्यक अभिलेख और मोबाइल नंबर संलग्न कर 5 सितंबर 2026 तक कार्यालय/न्यायालय आयुक्त दिव्यांगजन, उत्तराखंड, 12 तिलक रोड, देहरादून में डाक या ई-मेल cduttarakhand@gmail.com के माध्यम से भेज सकते हैं।
शिकायतें निर्धारित ऑनलाइन लिंक के माध्यम से भी दर्ज की जा सकती हैं।
ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने के लिए:
https://forms.gle/GPn4ebQMdnqPPa6Q8
इन मामलों की होगी सुनवाई
संयुक्त मोबाइल कोर्ट में दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों से वंचित किए जाने, सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ नहीं मिलने, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, पेंशन, सहायक उपकरण और विभिन्न सेवाओं से संबंधित मामलों समेत दिव्यांगजनों से जुड़े अन्य प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी। मोबाइल कोर्ट में शिकायतों की सुनवाई ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होगी। शिकायतकर्ता को अपने प्रार्थना-पत्र में स्पष्ट रूप से बताना होगा कि वह ऑनलाइन या ऑफलाइन किस माध्यम से सुनवाई चाहता है। जिलाधिकारी ने जिले के सभी दिव्यांगजनों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने प्रकरण प्रस्तुत करने की अपील की है, ताकि संयुक्त मोबाइल कोर्ट के माध्यम से उनकी समस्याओं का नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

