उधमसिंह नगरक्राइमनवीनतम

रुद्रपुर में भड़काऊ भाषण देने के आरोपी मुफ्ती मुजीब गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी के बाद भेजा जेल

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर/ऊधम सिंह नगर। बारावफात के जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर आयोजित सभा में कथित भड़काऊ भाषण देने के मामले में पुलिस ने रामपुर निवासी मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

दरअसल, बीते बुधवार को रुद्रपुर में बारावफात का जुलूस निकाला गया था। जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर सभा आयोजित की गई थी। इसी सभा में रामपुर के दड़ियाल टांडा निवासी मुफ्ती मुजीब ने भाषण दिया था। अगले दिन भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।

Ad Ad

वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। वीडियो में मुफ्ती मुजीब कथित तौर पर मदरसों को बंद किए जाने के किसी भी निर्णय पर आपत्ति जताते और मदरसों में शिक्षा जारी रखने की बात कहते दिखाई दे रहे थे। साथ ही वीडियो में कथित रूप से मदरसों को बंद किए जाने की स्थिति में परिणाम भुगतने की चेतावनी देने और ईदगाह की भूमि वापस करने की मांग किए जाने की बात सामने आई। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में मुफ्ती मुजीब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। शुक्रवार देर रात पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया और हिरासत में लेकर भाषण तथा वायरल वीडियो से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।

मुफ्ती मुजीब ने आरोपों को बताया गलत तरीके से पेश किया गया

पूछताछ के दौरान मुफ्ती मुजीब की ओर से कहा गया कि उन्होंने केवल मदरसों और जमीन से जुड़े मुद्दों पर बात की थी और सरकार को निशाना नहीं बनाया। उनका कहना है कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की विवेचना जारी है और भाषण से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

सीओ रुद्रपुर विभव सैनी ने बताया कि मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इधर, मुफ्ती की गिरफ्तारी के बाद रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा ने पुलिस कार्रवाई का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि शहर और देवभूमि का माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।