चम्पावत : श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण प्रक्रिया हुई आसान ,जनपद में 7 अधिकृत सीएससी केंद्र किए गए नामित
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के श्रमिकों के कल्याण हेतु निरंतर किये जा रहें प्रयासों के क्रम में एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जनपद में श्रमिकों को पंजीकरण एवं नवीनीकरण की सुविधा सरल, सुलभ एवं पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से UKBOCW बोर्ड (श्रम विभाग) द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में 7 अधिकृत कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) नामित किए गए हैं।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी देवेश पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि अब श्रमिक अपने निकटतम अधिकृत सीएससी केंद्र पर जाकर श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया आसानी से पूर्ण कर सकते हैं। इससे श्रमिकों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी तथा विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।
उन्होंने बताया कि अधिकृत सीएससी केंद्रों में नमन CSC सेंटर (बाराकोट), देव भूमि CSC भैरवा चौक (चम्पावत), देव भूमि CSC चौक बाजार (लोहाघाट), सुख सुविधा, चॉनमारी(लोहाघाट), शिव शक्ति CSC(पाटी), कुलदीप कम्यूनिकेशन CSC(पाटी) तथा स्कूल ऑफ कंप्यूटर एजुकेशन, खड़ी बाजार(चम्पावत) शामिल हैं।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने सभी श्रमिकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत केंद्रों के माध्यम से ही अपना पंजीकरण एवं नवीनीकरण कराएं। यदि किसी भी केंद्र पर अतिरिक्त शुल्क (ओवरचार्जिंग) लिया जाता है अथवा किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत हो तो इसकी सूचना तत्काल श्रम प्रवर्तन अधिकारी, टनकपुर (चम्पावत) कार्यालय को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि श्रम विभाग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र श्रमिक तक विभागीय योजनाओं का लाभ पारदर्शी, समयबद्ध एवं सुगम तरीके से पहुंचाना है तथा इसके लिए विभाग लगातार प्रयासरत है।

