बागेश्वर-पिथौरागढ़ सीमा पर भारी भूस्खलन, पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरका; वीडियो वायरल
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले की सीमा पर शनिवार शाम बड़ा भूस्खलन हुआ। रमाड़ी ग्राम पंचायत के मुनधुरा तोक में पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा दरकने से भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें नीचे आ गिरीं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के समय तेजम तहसील कार्यालय के आसपास मौजूद लोगों ने पहाड़ी से अचानक मलबा और चट्टानों को तेजी से नीचे गिरते देखा। खतरे को भांपते हुए लोग तत्काल सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए। कुछ स्थानीय लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र बागेश्वर जिले की कालापैर-कापड़ी ग्राम पंचायत के भेड़ुवा बगाड़ से लगभग 150 मीटर की दूरी पर स्थित है। इस क्षेत्र में करीब 12 परिवार निवास करते हैं। लगातार हो रही बारिश के चलते ग्रामीण पहले से ही भूस्खलन की आशंका को लेकर चिंतित थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमांत क्षेत्र में लगातार सक्रिय हो रहे भूस्खलन से जान-माल का खतरा बढ़ गया है। उनका कहना है कि प्रशासन को संवेदनशील स्थानों पर नियमित निगरानी रखने के साथ ही संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में समय रहते सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने चाहिए, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
प्रभारी आपदा प्रबंधन अधिकारी प्रवीण गोस्वामी ने बताया है कि भूस्खलन का क्षेत्र बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले की सीमा पर स्थित है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और फिलहाल अन्य किसी नुकसान की सूचना भी नहीं मिली है। हालांकि लगातार बारिश और पहाड़ों में बढ़ती भू-सक्रियता को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने संवेदनशील इलाकों की निगरानी बढ़ाने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की मांग की है, ताकि मानसून के दौरान किसी भी संभावित आपदा से समय रहते निपटा जा सके।

