चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत: तेंदुए ने ग्रामीण पर किया हमला, लोगों ने सूझबूझ से घर में किया कैद, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जिला मुख्यालय के निकट स्थित सिमल्टा ग्राम पंचायत में शुक्रवार को तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। तेंदुए ने एक ग्रामीण पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। अचानक हुए इस हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ घबराकर पास के एक मकान में घुस गया। ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए मकान का दरवाजा बाहर से बंद कर तेंदुए को भीतर ही कैद कर दिया, जिससे किसी अन्य व्यक्ति पर हमला होने से बच गया।

Ad Ad


घटना की सूचना मिलते ही उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए तेंदुए को बिना नुकसान पहुंचाए पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत कर उसे कैद कर लिया।
उधर, तेंदुए के हमले में घायल ग्रामीण को तत्काल जिला अस्पताल चम्पावत पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल का इलाज किया जा रहा है। हालांकि इस घटना में बड़ा हादसा टल गया, लेकिन जिले में लगातार बढ़ रहे मानव-वन्यजीव संघर्ष ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त, निगरानी और तेंदुओं की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।