नवीनतमपिथौरागढ़राजनीतिसामाजिक

“कद नहीं, किरदार की जीत: तीन फीट के चंद्रशेखर भट्ट ‘चन्नू’ बने बस्तड़ी गांव के निर्विरोध उपप्रधान”

ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के कनालीछीना विकासखंड अंतर्गत बस्तड़ी गांव ने लोकतंत्र की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। करीब तीन फीट लंबाई वाले 31 वर्षीय चंद्रशेखर भट्ट ‘चन्नू’ को ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से निर्विरोध उपप्रधान चुन लिया। इस चुनाव ने यह संदेश दिया कि व्यक्ति की पहचान उसके कद से नहीं, बल्कि उसके चरित्र, सेवा भावना और जनता के विश्वास से होती है।

राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर (एमए) चंद्रशेखर भट्ट लंबे समय से सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं। ग्रामीणों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहने, सरल स्वभाव और गांव के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने उन्हें लोगों के बीच एक भरोसेमंद चेहरा बनाया। यही कारण रहा कि उपप्रधान पद के लिए उनके सामने किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन तक दाखिल नहीं किया और उन्हें निर्विरोध चुन लिया गया।

Ad Ad

ग्रामीणों का कहना है कि चन्नू ने हमेशा बिना किसी भेदभाव के लोगों की मदद की है और गांव के विकास से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई है। उनकी सेवा भावना और कार्यशैली को देखते हुए पूरे गांव ने उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया।

निर्विरोध चुने जाने के बाद चंद्रशेखर भट्ट ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे गांव की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह गांव के समग्र विकास, पारदर्शिता, सामाजिक एकता और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देंगे।

बस्तड़ी गांव का यह फैसला समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है कि जब किसी व्यक्ति के कर्म, ईमानदारी और समर्पण को महत्व दिया जाता है, तब शारीरिक सीमाएं मायने नहीं रखतीं। चंद्रशेखर भट्ट ‘चन्नू’ की यह उपलब्धि उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा है, जो किसी भी प्रकार की शारीरिक चुनौती को अपनी सफलता की राह में बाधा मानते हैं।