चंपावतजनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

ककराली गेट से माँ पूर्णागिरि मंदिर तक लगेगी आधुनिक LED स्ट्रीट लाइट, ₹8.10 करोड़ की परियोजना का डीएम ने किया निरीक्षण

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत ककराली गेट से माँ पूर्णागिरि मंदिर तक आधुनिक LED स्ट्रीट लाइट परियोजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत ककराली गेट से माँ पूर्णागिरि मंदिर तक लगभग 20 किलोमीटर लंबे मार्ग पर आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएंगी। इस परियोजना की कुल लागत ₹8.1037 करोड़ है, जिसमें से कार्यों के त्वरित क्रियान्वयन के लिए ₹2 करोड़ की धनराशि पहले ही स्वीकृत एवं जारी की जा चुकी है।

Ad Ad

परियोजना के तहत मंदिर तक जाने वाले अंतिम करीब तीन किलोमीटर के दुर्गम पैदल मार्ग पर भूमिगत (अंडरग्राउंड) विद्युत केबल के माध्यम से प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे खुले बिजली के तारों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी, साथ ही वन क्षेत्र, पर्यावरण और वन्यजीवों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी है, इसलिए प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद माँ पूर्णागिरि मेले तथा अन्य धार्मिक अवसरों पर देर रात या तड़के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को पूरे मार्ग पर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। बेहतर प्रकाश व्यवस्था से दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी और श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनेगी। स्थलीय निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी, पूर्व अध्यक्ष भुवन पांडेय, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, तहसीलदार पिंकी आर्या, अधिशासी अभियंता विजय कुमार सकारिया, एसडीओ एम.एस. बृजवाल, जूनियर इंजीनियर नरेन्द्र प्रसाद सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।