चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : मां के जयकारों से गूंजीं लड़ीधूरा की चोटियां, छह दिनी लड़ीधूरा महोत्सव का हुआ समापन

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। देवी रथों के मंदिर में आगमन के पश्चात आज पिछले 6 दिनों से चल रहा लड़ीधूरा महोत्सव का समापन हो गया। आज प्रातः काल से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ था। मंदिर के मुख्य पुजारी तारा दत्त जोशी व शीशराम जोशी द्वारा श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना कराई गई। लड़ीधूरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष नागेंद्र जोशी द्वारा सभी श्रद्धालुओं का मंदिर में स्वागत किया गया तथा आगामी महोत्सव में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा की गई।

ग्राम सभा काकड़ से दुर्गम रास्तों से रस्सों के सहारे लड़ीधूरा मंदिर तक आने वाला रथ 2:33 बजे पर मंदिर पहुंचा जिस पर कालका के रूप में कल्याण सिंह अधिकारी विराजमान रहे। बाराकोट से आने वाला रथ 2:54 बजे मंदिर पहुंचा। जिस पर भगवती के रूप में गुड़ी फर्त्याल एवं कालिका के रूप में प्रताप सिंह विराजमान रहे। रथों के मंदिर में पहुंचते ही लड़ीधूरा की चोटियां मां के जयकारों से गूंज उठीं। लड़ीधूरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया था। पेयजल के लिए पानी के प्याऊ लगाए गए थे। रथों के मंदिर में आगमन के पश्चात शाम को 5:00 बजे लड़ीधूरा महोत्सव का समापन किया गया। इस दौरान जगदीश सिंह अधिकारी, कृष्ण सिंह अधिकारी, राजेश सिंह अधिकारी,लोकमान सिंह अधिकारी, दुर्गेश जोशी, रमेश चंद्र जोशी, प्रदीप सिंह ढेक, नंदा बल्लभ बगौली, वसंत लाल वर्मा, रितेश वर्मा, नवीन चंद्र जोशी, कौस्तुभ अधिकारी, शुभम नाथ गोस्वामी, योगेश जोशी, सौरभ गोस्वामी, नमन जोशी, प्रकाश सिंह अधिकारी द्वारा सहयोग किया गया।

इससे पहले लड़ीधूरा महोत्सव के चतुर्थ दिवस पर देर रात्रि तक सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां छायी रहीं। रात्रि कार्यक्रमों का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष गोविन्द वर्मा, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य सतीश चन्द्र पांडेय द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। लड़ीधूरा शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष नागेंद्र कुमार जोशी द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। सांस्कृतिक संध्या संस्कार सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण समिति के कलाकारों के नाम रही। प्रसिद्ध नृत्य कलाकार श्वेता मेहरा ने अपने नृत्य से दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रमों का संचालन जगदीश अधिकारी द्वारा किया गया। महोत्सव के शारीरिक शौष्ठव प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। जिसमें तरूण चतुर्वेदी हरकुलस चुने गए। मस्कुलर मैन देवेश भट्ट बने। नशे की प्रवृत्ति से दूर रहने को लेकर युवाओं को जागरूक करने के लिए शिक्षक श्याम श्रवा आर्य को सम्मानित किया गया।

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड