चंपावतटनकपुरनवीनतम

चम्पावत पुलिस की मानवता: टनकपुर में मिली बिछड़ी नेपाली महिला को परिजनों से मिलाया

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए टनकपुर में मिली मानसिक रूप से अस्वस्थ नेपाली महिला को सुरक्षित संरक्षण देने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे उसके परिजनों से मिलवा दिया।

टनकपुर/चम्पावत। चम्पावत पुलिस ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए नेपाल की एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को उसके परिजनों से मिलाने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) चम्पावत द्वारा की गई।

Ad Ad

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को कोतवाली टनकपुर क्षेत्र में एक नेपाली मूल की मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला मिली। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना निवास जिला छाया ओडो-04, नेपाल बताया। उसने यह भी बताया कि वह मथुरा-वृंदावन में अपने परिजनों से बिछड़ गई थी और भटकते हुए टनकपुर पहुंच गई।

महिला की सुरक्षा और पुनर्वास को प्राथमिकता देते हुए AHTU चम्पावत ने आवश्यक कानूनी एवं मानवीय प्रक्रिया अपनाई। इसके बाद नेपाल स्थित संबंधित NGO से संपर्क स्थापित कर सभी औपचारिकताएं पूरी की गईं।

सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद महिला को नियमानुसार NGO के प्रतिनिधियों के सुपुर्द किया गया, जिसके माध्यम से उसे सुरक्षित रूप से उसके परिजनों से मिलवा दिया गया।

चम्पावत पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं कोई असहाय, मानसिक रूप से अस्वस्थ या अपने परिवार से बिछड़ा हुआ व्यक्ति दिखाई दे तो तत्काल डायल-112 या निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें। पुलिस का कहना है कि आपकी एक सूचना किसी बिछड़े व्यक्ति को उसके परिवार से दोबारा मिलाने का जरिया बन सकती है।