नवीनतमनैनीतालहादसा

नैनीताल में बड़ा हादसा: ज्योलीकोट के पास 40 मीटर गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की टैक्सी, चालक समेत 7 घायल

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल से हल्द्वानी लौट रहे लखनऊ के पर्यटकों की टैक्सी गुरुवार सुबह ज्योलीकोट के पास अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चालक समेत सात लोग घायल हो गए। एसडीआरएफ और पुलिस ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

नैनीताल। गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नैनीताल भ्रमण के बाद हल्द्वानी लौट रहे लखनऊ के पर्यटकों की टैक्सी ज्योलीकोट के पास अनियंत्रित होकर लगभग 40 मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में चालक सहित सात लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार, लखनऊ के गोमतीनगर निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) नैनीताल घूमने आए थे। सभी पर्यटक हल्द्वानी निवासी चालक संग्राम सिंह के साथ टैक्सी संख्या UK04 TB 3870 से काठगोदाम की ओर लौट रहे थे।

बताया जा रहा है कि टैक्सी ज्योलीकोट के एक नंबर क्षेत्र से आगे पहुंची ही थी कि चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते वाहन सड़क से नीचे करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व एसडीआरएफ को सूचना दी।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया।

एसडीआरएफ के एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि हादसे में चालक संग्राम सिंह और पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी चिकित्सालय भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद यातायात सामान्य कर दिया गया।