चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : ग्रामीणों का सड़क के लिए आंदोलन का ऐलान, बोले- जल्द निर्माण शुरू नहीं हुआ तो चुनाव का करेंगे बहिष्कार

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। विकासखंड चम्पावत के दूरस्थ गांव कुकड़ोनी के ग्रामीणों का सड़क का इंतजार खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। सड़क निर्माण शुरू नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने को मजबूर होंगे।

सोमवार को आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि पिछले करीब पांच वर्षों से सड़क निर्माण के नाम पर केवल सर्वे की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया है। सड़क सुविधा नहीं होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामकाज के साथ ही स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Ad Ad

ग्रामीणों के मुताबिक क्षेत्र में सड़क नहीं होने के कारण गंभीर मरीजों को करीब चार किलोमीटर तक डोली के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। वहीं बच्चों को शिक्षा के लिए दूसरे गांवों का रुख करना पड़ता है। सड़क के अभाव में ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सरकारी सुविधाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।

ग्रामीणों ने कहा कि सड़क सुविधा के अभाव में पलायन की समस्या भी लगातार बढ़ रही है। करीब एक दशक पहले क्षेत्र के दो गांवों में 140 से अधिक परिवार रहते थे, लेकिन वर्तमान में इन गांवों में केवल 50 से 60 परिवार ही रह गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और पलायन पर भी अंकुश लग सकेगा। बैठक में संजय बिष्ट, ठाकुर सिंह, रोहित सिंह, बचन सिंह, कमल सिंह, गोविंद सिंह और श्याम सिंह समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

पीएमजीएसवाई के चौथे चरण में मिली स्वीकृति

इस संबंध में पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र सिंह बोहरा ने बताया है कि सल्ली-कुकड़ोनी सड़क को पीएमजीएसवाई के चौथे चरण में स्वीकृति मिल चुकी है। सड़क की डीपीआर तैयार कर अपलोड की जा चुकी है। करीब 14 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण पर 16.35 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। उन्होंने बताया कि सड़क बनने से कुकड़ोनी, बालीपीपल और आमखेत गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। सड़क निर्माण के लिए वन अनापत्ति (Forest Clearance) से संबंधित पत्रावली भी तैयार की जा चुकी है।