देहरादूननवीनतमहादसा

देहरादून में दर्दनाक हादसा: बरसाती नाले में बही क्रेटा, युवक-युवती की मौत, एक घायल

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। थाना प्रेमनगर क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास देर रात तेज बरसाती बहाव में एक क्रेटा कार बह गई। हादसे में कार सवार एक युवक और एक युवती की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवती घायल अवस्था में मिली। एसडीआरएफ की टीम ने रातभर सर्चिंग अभियान चलाकर दोनों मृतकों के शव बरामद किए और घायल युवती को सुरक्षित रेस्क्यू कर पुलिस के सुपुर्द किया।

पुलिस के अनुसार क्रेटा कार संख्या RJ 13 CE 5641 के तेज बरसाती बहाव में बहने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही डाकपत्थर से अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने प्रतिकूल परिस्थितियों और तेज बहाव के बीच सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बताया गया कि वाहन में एक युवक और दो युवतियां सवार थे। सर्चिंग के दौरान घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा घायल अवस्था में मिलीं। एसडीआरएफ जवानों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

Ad Ad

इसके बाद सर्चिंग अभियान के दौरान कार सवार अक्षय पुत्र मुकेश (20 वर्ष), निवासी जयपुर, राजस्थान और एक अन्य युवती का शव बरामद किया गया। दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। तेज बरसाती बहाव और रात के अंधेरे में बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ जवानों ने पूरी रात लगातार सर्चिंग और रेस्क्यू अभियान चलाया। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में भी तलाशी अभियान चलाया गया।