विभाजनकारी मानसिकता को करारा जवाब दें : मुख्यमंत्री धामी
सीएम ने कांग्रेस पर बिना नाम लिए निशाना साधा, कहा- अल्पसंख्यक स्कूलों में गूंजेगी गुरुवाणी
टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नाम लिए बिना कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। बोले, उन्हें नाम बदलकर बच्चियों को बहला-फुसलाकर उनका जीवन नरक बनाने वाले लोग वोट बैंक के लिए अच्छे लगते हैं। कहा कि नाम के आगे मोहम्मद लगाने वाले के समर्थन में कांग्रेस के युवराज के ट्वीट आते हैं। विभाजनकारी मानसिकता को करारा जवाब दें। हम ज्ञान के मंदिर स्थापित करना चाहते हैं। अब अल्पसंख्यक स्कूलों में गुरुवाणी गूंजेगी।
शनिवार को शारदा घाट पुनर्निर्माण के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे सीएम सनातन अंदाज में नजर आए। कहा कि कुछ मित्रों को हमारी सरकार की ओर से हमारे कार्य अच्छे नहीं लगते हैं। उन्हें मंदिर के विकास धन की बर्बादी लगती है। वह हमें अपने धर्म से दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। हम दंगारोधी कानून बनाकर कार्य कर रहे हैं और वह उनके बचाव में नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि वह शारदा की कसम खाते हैं कि पवित्र देवभूमि पर जिहाद और जबरन कानून तोड़ने वालों को पनपने नहीं देंगे। सीएम ने कहा कि उत्तराखंड में मदरसों में सरकारी मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम पढ़ाया जाएगा।

