सीएम धामी ने देवीधुरा में किया ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पुस्तक का विमोचन, वीर जवानों के शौर्य को काव्य में पिरोने की सराहना
चम्पावत, 28 अगस्त 2026। देवीधुरा के ऐतिहासिक एवं पौराणिक बग्वाल मेले के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीलू रौतेली सम्मान प्राप्त समाजसेवी एवं लेखिका रीता गहतोड़ी द्वारा रचित काव्य संग्रह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का विमोचन किया। पुस्तक के विमोचन के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने लेखिका के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि देश की शौर्य गाथा और वीर जवानों के अदम्य साहस को काव्य के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना एक सराहनीय पहल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से रीता गहतोड़ी ने देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम को शब्दों में अभिव्यक्त किया है। ऐसी रचनाएं समाज में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ ही नई पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति समर्पण और वीर जवानों के योगदान से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने कहा कि साहित्य और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से देश के वीर सैनिकों की गाथाओं को लोगों तक पहुंचाना राष्ट्रभावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत और जिलाधिकारी मनीष कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

