सड़क हादसे में जिला पंचायत सदस्य के पति की मौत, शोक की लहर
टाटा सूमो की टक्कर से हुई मौत, रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं
रुद्रप्रयाग। भारत सेवाश्रम–ऊखीमठ मोटर मार्ग पर शुक्रवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार डॉ. कैलाश पुष्पाण की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही केदारघाटी और ऊखीमठ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर हुई इस दुखद घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर डॉ. कैलाश पुष्पाण स्कूटी से भारत सेवाश्रम–ऊखीमठ मोटर मार्ग पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही टाटा सूमो ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डॉ. पुष्पाण सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही बेहोश हो गए। हादसे के बाद सूमो चालक उन्हें उपचार के लिए गुप्तकाशी अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद डॉ. कैलाश पुष्पाण को मृत घोषित कर दिया।
पंचकेदार होटल/होम स्टे एसोसिएशन के थे अध्यक्ष
डॉ. कैलाश पुष्पाण की पहचान पंचकेदार होटल/होम स्टे एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा जिला पंचायत सदस्य परकंडी प्रीति पुष्पाण के पति के रूप में हुई है। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। रक्षाबंधन के पर्व पर जहां क्षेत्र में उत्साह और खुशियों का माहौल था, वहीं इस हादसे ने परिवार की खुशियों को पलभर में गहरे दुख में बदल दिया।
सरल और मिलनसार स्वभाव के लिए थे प्रसिद्ध
कैलाश पुष्पाण अपने सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के लिए क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। सेवाभाव और जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहने के कारण उन्होंने लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके असामयिक निधन से क्षेत्र ने एक संवेदनशील और सेवाभावी व्यक्तित्व खो दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग गुप्तकाशी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। डॉ. पुष्पाण के निधन से दुखी ऊखीमठ के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

सूमो चालक के फरार होने की बात
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के बाद टाटा सूमो चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना के बाद की परिस्थितियों और चालक की स्थिति को लेकर पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस द्वारा गुप्तकाशी में शव के पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है। ऊखीमठ पुलिस प्रशासन के अनुसार तहरीर मिलने के बाद मामले की विधिवत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसकी वास्तविक वजह क्या थी, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

