चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमराजनीति

सीएम धामी की चम्पावत को 96 करोड़ की 16 योजनाओं की सौगात, हर ग्रामसभा को मिलेंगे 10 लाख रुपये

ख़बर शेयर करें -

सर्किट हाउस और देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण, न्याय पंचायतों में बनेंगे सामुदायिक भवन; बार एसोसिएशन को चैम्बर, पार्किंग और ई-लाइब्रेरी की घोषणा

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत को करीब 96 करोड़ रुपये की 16 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित सर्किट हाउस और 1.37 करोड़ रुपये की लागत से बने देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्रामसभा को स्थानीय विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवनों के निर्माण और जिला बार एसोसिएशन के लिए अधिवक्ता चैम्बर, पार्किंग व आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा भी की।

Ad Ad

मुख्यमंत्री ने कुल 95 करोड़ 99 लाख 98 हजार रुपये की लागत वाली 16 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 67 करोड़ 24 लाख 36 हजार रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 28 करोड़ 75 लाख 62 हजार रुपये की पांच योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से जनपद में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को बेहतर जनसुविधाएं मिलेंगी।

25 से 50 साल की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना राज्य सरकार का संकल्प है। इसके लिए अगले 25 से 50 वर्षों की आवश्यकताओं और चुनौतियों को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास का उद्देश्य आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, जनपद में सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग सहित विभिन्न सड़कों को सुगम बनाने के साथ बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है। टनकपुर में निर्माणाधीन आईएसबीटी से परिवहन सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 66 करोड़ रुपये का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। इसके अलावा विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाओं के विस्तार पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

हर ग्रामसभा को 10 लाख, न्याय पंचायतों में बनेंगे भवन

मुख्यमंत्री ने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्रामसभा को स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्य कराने के लिए 10 लाख रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस धनराशि से पुस्तकालय, सड़क, आजीविका संवर्धन, आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन सहित जनहित से जुड़े कार्य कराए जा सकेंगे। उन्होंने जनपद की न्याय पंचायतों में सामुदायिक उपयोग के लिए सामुदायिक भवन बनाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।

अधिवक्ताओं के लिए चैम्बर, पार्किंग और ई-लाइब्रेरी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिला बार एसोसिएशन, चम्पावत के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए। उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। आम नागरिकों को न्याय दिलाने और उनके संवैधानिक अधिकारों की रक्षा में उनकी अहम भूमिका है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जिला बार एसोसिएशन परिसर में अधिवक्ताओं के बैठने के लिए चैम्बर निर्माण, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन को सरल, सुलभ और समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

पार्क में बच्चों को बांटी चॉकलेट

मुख्यमंत्री ने 1.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में खेल रहे बच्चों को चॉकलेट बांटी और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, पीआरडी जवानों, मिनिस्टीरियल संवर्ग और रोडवेज कर्मचारियों, पशुपालकों, राज्य आंदोलनकारियों, पूर्व सैनिकों तथा सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों से भी संवाद किया। उन्होंने सप्तेश्वर/सप्तकोशी परिक्रमा प्रस्तावक समिति और मीडिया प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं व सुझाव सुने। मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक महत्व और प्राकृतिक सुंदरता को ध्यान में रखते हुए पर्यटन, रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री के चम्पावत पहुंचने पर सर्किट हाउस हेलीपैड में जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पुलिस बल ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय एवं मुकेश महाराना, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता सतीश चन्द्र पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, निदेशक केएमवीएन रोहित बिष्ट, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, उपजिलाधिकारी बीसी पंत, अधिशासी अधिकारी भारत त्रिपाठी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।