बनबसा में खेल सुविधाओं को बढ़ावा, स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल समेत कई कार्यों का शिलान्यास
लोहाघाट में 256.97 करोड़ से बन रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, टनकपुर में 237.74 करोड़ का आईएसबीटी और 20 करोड़ से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण
बनबसा/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को बनबसा मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट और पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री ने चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चंद स्टेडियम में भी खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। साथ ही एनएचपीसी की ओर से वन विभाग को सीएसआर के तहत उपलब्ध कराए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित करने से उनके परिश्रम और समर्पण को प्रोत्साहन मिलता है। युवाओं को खेलों को दिनचर्या का हिस्सा बनाने, नशे से दूर रहने और अनुशासित जीवनशैली अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और ऊर्जावान युवा सशक्त समाज एवं विकसित राष्ट्र की नींव हैं।

स्टेडियम में 218 लाख से होंगे निर्माण कार्य
मुख्यमंत्री ने बनबसा के चूना भट्ठा स्थित कैप्टन करम चंद स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें 28 लाख रुपये की लागत से दर्शकदीर्घा स्टैंड, 20 लाख रुपये से पहुंच मार्ग और 20 लाख रुपये से बाउंड्री वॉल का निर्माण शामिल है। इसके अतिरिक्त सीएसआर के तहत 150.20 लाख रुपये की लागत से बैडमिंटन हॉल बनाया जाएगा। इन कार्यों से स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विस्तार होने और खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास की सुविधा मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली साधना और बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जतिन चंद को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।


महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आदर्श चम्पावत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए खेल, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर ध्यान दे रही है। लोहाघाट में करीब 256.97 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने बताया कि जनपद में 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 शैय्यायुक्त क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इससे गंभीर रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं, नियमित स्वास्थ्य जांच और निःशुल्क दवा वितरण जैसी व्यवस्थाओं का भी उल्लेख किया।
आईएसबीटी और धार्मिक पर्यटन से बढ़ेंगी संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर में करीब 237.74 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल परिवहन और संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेगा। मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर से जुड़े विकास कार्यों से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर पैदा करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि आदर्श चम्पावत का विकास आदर्श उत्तराखंड की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने में जनसहभागिता की अहम भूमिका है।

वन विभाग को मिले तीन वाहन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एनएचपीसी लिमिटेड के टनकपुर पावर स्टेशन की ओर से सीएसआर के तहत वन प्रभाग हल्द्वानी और वन प्रभाग चम्पावत को उपलब्ध कराए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन वाहनों से वन विभाग के कार्यों को सुगम बनाने और वन एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को गति देने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में दर्जाधारी सुभाष बगौली, हेमा जोशी, मनोज कालाकोटी, किरण देवी, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष भानी चंद, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, टनकपुर नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, बनबसा नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, एनएचपीसी टनकपुर पावर स्टेशन के प्रमुख ऋषि रंजन आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

