चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

पाटी के नए एसडीएम उज्ज्वल डालाकोटी ने संभाला कार्यभार, पारदर्शी प्रशासन पर जोर

ख़बर शेयर करें -

2024 बैच के पीसीएस अधिकारी बोले- पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ, गांवों में जाकर सुनी जाएंगी समस्याएं

पाटी/चम्पावत। लंबे समय से रिक्त चल रहे पाटी के उप जिलाधिकारी पद पर 2024 बैच के पीसीएस अधिकारी उज्ज्वल डालाकोटी ने कार्यभार संभाल लिया है। प्रशिक्षण के बाद पाटी परगने की जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने समयबद्ध कार्यप्रणाली, पारदर्शिता, स्वच्छता और आमजन का भरोसा जीतने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है।

Ad Ad

एसडीएम डालाकोटी ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों का समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारी गांवों में जाकर जनसमस्याएं सुनेंगे और मौके पर ही उनके निस्तारण का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने की व्यवस्था मजबूत की जाएगी। आमजन को सरकारी सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली पर जोर रहेगा।

स्वच्छता और पर्यटन को मिलेगी प्राथमिकता

पाटी क्षेत्र में स्वच्छता को बढ़ावा देने की बात कहते हुए एसडीएम ने कहा कि क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। पर्यटन की संभावनाओं को आगे बढ़ाते हुए नए पर्यटन स्थलों को पहचान दिलाने पर भी ध्यान दिया जाएगा। उनका कहना है कि यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिले, ताकि वे दूसरों को भी क्षेत्र में आने के लिए प्रेरित करें।

नशामुक्ति और युवाओं से संवाद पर जोर

एसडीएम ने नशामुक्त उत्तराखंड के अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सक्रिय प्रयास करने की बात कही। उन्होंने युवाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने और उपलब्ध अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य विकास कार्यों को गति देने के साथ लोगों को समय पर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इन प्रयासों के जरिए मुख्यमंत्री की मॉडल जिले की परिकल्पना को साकार करने में योगदान दिया जाएगा।