क्राइमचंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

रामपुर में रेलवे ट्रैक पर मिला चम्पावत के युवक का शव, मोबाइल जांच में जुटी जीआरपी; परिजनों ने उठाए सवाल

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत/रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर क्षेत्र के पास रविवार सुबह रेलवे ट्रैक पर उत्तराखंड के चम्पावत निवासी एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चम्पावत जिले के पाटी विकासखंड के ग्राम तिमलामूठ निवासी 30 वर्षीय मनोज जोशी, पुत्र ईश्वरी चंद जोशी, के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। जीआरपी ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जीआरपी थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला रानीखेत–देहरादून–काठगोदाम एक्सप्रेस ट्रेन से गिरने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।

Ad Ad

पुलिस के अनुसार मृतक के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। शुरुआत में मोबाइल लॉक होने के कारण उसका डाटा नहीं देखा जा सका, लेकिन बाद में परिजनों से लॉक प्राप्त कर लिया गया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले मनोज जोशी की आखिरी बार किससे बातचीत हुई थी, उनकी कॉल डिटेल और मोबाइल गतिविधियां क्या थीं। अधिकारियों का मानना है कि मोबाइल की जांच से मामले से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं।

मृतक के छोटे भाई प्रकाश चंद जोशी ने बताया कि मनोज जोशी उत्तराखंड में एक निजी बस में कार्यरत थे और उसी से परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, निष्पक्ष जांच की मांग

मृतक के भाई प्रकाश चंद जोशी ने मौत को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि मनोज जोशी की मौत किन परिस्थितियों में हुई। यदि घटना के पीछे कोई साजिश या संदिग्ध पहलू है तो उसका भी खुलासा किया जाए।

जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। अब रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन की जांच और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।