टनकपुर में टुकटुक बैटरी चोरी का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर पुलिस ने टुकटुक से बैटरी चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई बैटरी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार 11 जुलाई 2026 को इन्द्र प्रकाश कश्यप ने कोतवाली टनकपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके टुकटुक से अज्ञात चोर बैटरी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास गहन सुरागरसी, पतारसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद 12 जुलाई को पुलिस ने रेलवे स्टेशन के निकट लॉन्ड्री विभाग की नई बिल्डिंग के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की गई ADDO THE KING कंपनी की बैटरी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विमलेश पुत्र मैकूलाल और डोरीलाल पुत्र बाबूराम, दोनों निवासी ग्राम उमरिया, थाना बरखेड़ा, जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) भी जोड़ दी है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जितेन्द्र बिष्ट, हेड कांस्टेबल कमल कुमार और कांस्टेबल हितेन्द्र वर्मा शामिल रहे।

