चम्पावत: ब्लॉक प्रमुख के पिता व भाजपा जिलाध्यक्ष के ससुर कैप्टन भैरव सिंह मेहरा का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
चम्पावत। चम्पावत की ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा के पिता सेवानिवृत्त कैप्टन भैरव सिंह मेहरा का आकस्मिक निधन हो गया है। बीती रात उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ गया था। दिल का दौरा पड़ने के तुरंत बाद ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, उनके पति राकेश बोहरा और परिवार के अन्य सदस्य उन्हें लेकर जिला अस्पताल रवाना हुए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। 74 वर्षीय कैप्टन मेहरा अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

दिवंगत मेहरा भाजपा के जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत के ससुर भी थे। आज गुरुवार 28 मई को दिवंगत कैप्टन भैरव सिंह मेहरा का ताड़केश्वर घाट पर पूर्ण सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। तमाम राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। कैप्टन मेहरा के निधन पर क्षेत्र के पूर्व सैनिकों समेत तमाम लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की है। दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडेय, मुकेश महराना, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पांडेय, वरिष्ठ भाजपा नेता एडवोकेट शंकर दत्त पांडेय, सतीश चंद्र पांडेय, भाजपा जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, कैलाश अधिकारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादुर सिंह फर्त्याल, सभासद प्रेमा चिल्कोटी, जनार्दन चिल्कोटी, ज्येष्ठ उप प्रमुख भुवन पांडेय, कनिष्ठ उप प्रमुख मनोज जोशी, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. बीसी जोशी समेत तमाम लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

