टनकपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ईद-उल-अजहा का पर्व, मस्जिदों में देश की खुशहाली के लिए मांगी दुआ
टनकपुर/चम्पावत। सीमांत क्षेत्र टनकपुर और बनबसा में मुस्लिम समुदाय द्वारा ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार बेहद अकीदत और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही मुस्लिम समाज के लोग पारंपरिक परिधानों में सज्ज होकर मस्जिदों में एकत्र हुए। सभी ने सामूहिक रूप से ईद की विशेष नमाज अदा की और देश में अमन, चैन व भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

नगर और आसपास के क्षेत्रों की विभिन्न मस्जिदों में धार्मिक रीति-रिवाज के साथ नमाज संपन्न कराई गई। पुरानी जामा मस्जिद में इमाम मोहम्मद एजाज ने नमाज अदा कराई। नई जामा मस्जिद में इमाम मोअज्जिम अब्दुल करीम के नेतृत्व में नमाज हुई। मनिहार गोठ जामा मस्जिद में इमाम मजीदुर्रहमान ने नमाज की रस्म पूरी कराई। नूरुल हुदा मस्जिद (कैनाल क्षेत्र) में मौलवी सैय्यद जाकिर हुसैन ने नमाज संपन्न कराई। नूरी मुस्तफा मस्जिद (बनबसा रोडवेज) में मौलवी मोहम्मद तौहीद ने नमाज की अगुवाई की।

भीषण गर्मी को देखते हुए नगर पालिका परिषद द्वारा नमाजियों के लिए पेयजल और प्याऊ की विशेष व्यवस्था की गई थी। शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी मस्जिद परिसरों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर नजर रखने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, सीडीओ जीएस खाती, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, एसडीएम प्रमोद कुमार व ललित मोहन तिवारी, तहसीलदार पिंकी आर्य, सीओ निहारिका सेमवाल, कोतवाल चेतन रावत, एसएसआई पूरन सिंह तोमर, जितेंद्र सिंह बिष्ट और तेज कुमार मुस्तैद दिखे। इसके साथ ही अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल, वरिष्ठ लिपिक बसंत राज चंद, विनोद बिष्ट, अनुराधा, हेमंत टंडन, राकेश वाल्मीकि, नीरज प्रकाश नेगी और शिवा ने भी व्यवस्थाएं संभालने में सक्रिय योगदान दिया।
इस पावन अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक चेहरों ने भी मुस्लिम समुदाय के लोगों से मुलाकात कर उन्हें त्योहार की बधाई दी। शुभकामनाएं देने वालों में पूर्व विधायक हिमेश खर्कवाल, पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार, पूर्व पालिकाध्यक्ष हर्षवर्धन रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष वैभव अग्रवाल, महामंत्री संजय पांडेय, सीएम कैंप के नोडल अधिकारी केदार बृजवाल और विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार प्रमुख रूप से शामिल रहे।

