नवीनतमनैनीतालहादसा

हल्द्वानी में जूते की दुकान में भीषण आग, सपा नेता के बेटे का प्रतिष्ठान जलकर खाक

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। शहर के व्यस्त मीरा मार्ग क्षेत्र में स्थित एक जूते की दुकान में मंगलवार देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार मीरा मार्ग स्थित माशा शूज नामक दुकान से देर रात धुआं उठता देख आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस तथा अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। दुकान के भीतर बड़ी मात्रा में जूते, चप्पल, पैकिंग सामग्री और अन्य ज्वलनशील सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया और उसे आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक दिया।

Ad Ad

बताया जा रहा है कि यह दुकान समाजवादी पार्टी के नेता अब्दुल मतीन सिद्दीकी के पुत्र सुमेर सिद्दीकी की है। आग लगने से दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर खाक हो गया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने क्षेत्र को सुरक्षित रखते हुए राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया।

सीओ अमित कुमार ने बताया कि मीरा मार्ग स्थित जूते की दुकान में अज्ञात कारणों से आग लगी थी। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का आकलन फायर विभाग द्वारा किया जा रहा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।