टनकपुर : शारदा नदी में 1 लाख घन मीटर अतिरिक्त खनन की अनुमति देने की मांग
टनकपुर/चम्पावत। मां शारदा खनन शक्तिमान यूनियन टनकपुर ने शारदा खनन क्षेत्र में खनन की मात्रा बढ़ाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। यूनियन का कहना है कि वर्तमान वर्ष 2026 में निर्धारित उप खनिज की मात्रा लगभग 3 लाख 35 हजार घन मीटर है, जो अप्रैल माह में ही समाप्त होने की स्थिति में है। ज्ञापन की प्रति मां शारदा खनन शक्तिमान यूनियन के अध्यक्ष मनोज गुप्ता के नेतृत्व में मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय टनकपुर में वरिष्ठ सहायक शशांक पांडे को सौपीं गई।
यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार, यदि खनन कार्य समय से पहले बंद हो जाता है तो इससे जुड़े मजदूरों, वाहन स्वामियों और स्थानीय व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। इससे सैकड़ों परिवारों की आजीविका प्रभावित होने की आशंका है। ज्ञापन में बताया गया है कि खनन कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए अतिरिक्त खनन मात्रा की आवश्यकता है। यूनियन ने मुख्यमंत्री से करीब 1 लाख घन मीटर अतिरिक्त खनन की अनुमति देने की मांग की है, ताकि कार्य निरंतर चलता रहे और रोजगार पर असर न पड़े। यूनियन ने उम्मीद जताई है कि सरकार इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्र के लोगों को राहत प्रदान करेगी। ज्ञापन की प्रति क्षेत्रीय प्रबंधक हल्द्वानी एवं परियोजना प्रबंधक शारदा खनन टनकपुर को भी प्रेषित की गई है। ज्ञापन में मदन जोशी, जाहिद हुसैन, नसीब, कमलेश शर्मा, पंकज जोशी, रईस अहमद, रहमान, शाहिद, नजीर हुसैन, कुंडल महर, चंदू चंद, रघुवीर, संदीप आदि के हस्ताक्षर हैं।

