खेलचंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

257 करोड़ की गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज परियोजना का डीएम ने किया निरीक्षण, जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत के लोहाघाट स्थित छमानिया में निर्माणाधीन गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता से समझौता किए बिना निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

लोहाघाट/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में चम्पावत जिले में संचालित महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के तहत गुरुवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लोहाघाट के छमानिया स्थित निर्माणाधीन गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था को समयबद्ध ढंग से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

Ad Ad

करीब 257 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस आधुनिक खेल परिसर में जिलाधिकारी ने हॉस्टल ब्लॉक, टाइप-2 एवं टाइप-3 आवासीय भवन, वॉलीबॉल ग्राउंड, फुटबॉल ग्राउंड, मल्टीपर्पज हॉल सहित विभिन्न खेल अधोसंरचनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की चरणबद्ध कार्ययोजना की भी समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों और अभियंताओं से निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि परियोजना के तहत प्रमुख खेल मैदानों और रनिंग ट्रैक का निर्माण सितंबर-अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि रिटेनिंग वॉल का कार्य अगस्त 2026 तक पूरा करने का आश्वासन कार्यदायी संस्था ने दिया है। उन्होंने कहा कि संपूर्ण परियोजना को जून 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

डीएम मनीष कुमार ने कहा कि यह परियोजना केवल चम्पावत ही नहीं बल्कि पूरे उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं, विशेषकर बालिकाओं के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित होगी। यहां विकसित की जा रही आधुनिक खेल सुविधाएं खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराएंगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, खेल मंत्री तथा शासन स्तर पर इस परियोजना की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसलिए निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर, प्रोजेक्ट मैनेजर केशव महाराज सिंह सहित कार्यदायी संस्था के अधिकारी, अभियंता और अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।