चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

‘आदर्श चम्पावत’ की दिशा में बड़ा कदम: मास्टर प्लान-2041 के प्रारूप पर विस्तृत विचार-विमर्श

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की “आदर्श चम्पावत–विकसित चम्पावत” की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद चम्पावत के मास्टर प्लान-2041 (महायोजना-2041) के प्रारूप पर एक अहम बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, विभिन्न हितधारकों एवं स्थानीय नागरिकों से व्यापक विचार-विमर्श कर सुझाव प्राप्त किए गए।

बैठक के दौरान आवासीय व व्यावसायिक क्षेत्रों के सीमांकन, ग्रामीण कृषि भूमि से जुड़े विषयों तथा भविष्य के विकास कार्यों के प्रभावों पर विस्तार से चर्चा हुई। नागरिकों की शंकाओं का समाधान करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्पष्ट किया कि “मास्टर प्लान केवल एक प्रारूप (Draft) है, अंतिम योजना नहीं। इसे स्थानीय आवश्यकताओं और जनसहभागिता के आधार पर ही अंतिम रूप दिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों की व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान करना हमारी प्राथमिकता है।” जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों व हितधारकों से अपने सुझाव लिखित रूप में देने की अपील की तथा किसी भी प्रकार की अनावश्यक भ्रांतियों व आशंकाओं से दूर रहने का भरोसा दिया।

Ad Ad

🔹 महायोजना की मुख्य प्राथमिकताएं

चीफ टाउन एंड कंट्री प्लानर शशि मोहन श्रीवास्तव और सीनियर प्रोजेक्ट एसोसिएट अनुभव चटर्जी ने प्रस्तुतीकरण (Presentation) के माध्यम से मास्टर प्लान-2041 के भावी स्वरूप की जानकारी दी। योजना के तहत निम्नलिखित क्षेत्रों पर मुख्य ध्यान केंद्रित किया जाएगा:

  • मूलभूत शहरी विकास: सड़कों का चौड़ीकरण, आधुनिक पार्किंग व्यवस्था, सीवर नेटवर्क, पार्क, उद्यान एवं विद्यालयों का निर्माण।
  • पर्यावरण एवं आपदा प्रबंधन: नदियों व पर्यावरण का संरक्षण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) तथा आपदा जोखिम न्यूनीकरण।
  • पर्यटन संवर्धन: जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थलों का सुनियोजित विकास।

बैठक में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, लडवाल फाउंडेशन के चेयरमैन नरेंद्र सिंह लडवाल, व्यापार संघ अध्यक्ष विकास शाह, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, परियोजना निदेशक अजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सभासद एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।