नवीनतमनैनीतालहादसा

नैनीताल में स्ट्रीट लाइट ठीक करते समय करंट लगने से संविदा तकनीशियन की मौत, सुरक्षा उपकरणों की अनदेखी पड़ी भारी

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल। राज्य अतिथि गृह में स्ट्रीट लाइट ठीक करने पहुंचे एक संविदा तकनीशियन की बिजली का जोरदार झटका लगने और खंभे से नीचे गिरने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद हादसे के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर (रमपुरा, वार्ड नंबर 8) निवासी 31 वर्षीय महेंद्र सिंह, पुत्र बनवारी लाल, नैनीताल जिले के राज्य अतिथि गृह में संविदा तकनीशियन के पद पर कार्यरत थे। सोमवार को नैनीताल अतिथि गृह परिसर में स्ट्रीट लाइट में आई खराबी को ठीक करने के दौरान उन्हें अचानक तेज करंट लगा, जिससे संतुलन बिगड़ने पर वह सीधे खंभे से नीचे आ गिरे। नीचे गिरते ही उनके सिर पर गंभीर चोट लग गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद उनके अन्य साथी उन्हें बदहवास हालत में अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Ad Ad

घटना के कारणों की पड़ताल में प्राथमिक तौर पर सुरक्षा उपकरणों की अनदेखी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि काम करते समय महेंद्र सिंह ने सुरक्षा ग्लव्स नहीं पहने थे, जिसके कारण यह भयानक हादसा घटित हुआ। फिलहाल पुलिस-प्रशासन की टीम घटना की विस्तृत जांच में जुट गई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।