शादी समारोह के विवाद ने ली जान: रानीखेत के ऐना गांव में युवक की हत्या, दो महिलाएं घायल, आरोपी गिरफ्तार
अल्मोड़ा/रानीखेत। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र के ऐना गांव में शुक्रवार देर शाम हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त चाकू और लोहे का घन भी बरामद कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने करीब दो माह पहले एक शादी समारोह में हुए विवाद को हत्या की वजह बताया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर शाम मजखाली चौकी को सूचना मिली कि ऐना गांव में एक युवक की हत्या कर दी गई है, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
मृतक के फुफेरे भाई नीरज बोरा पुत्र वीरेंद्र सिंह बोरा की तहरीर पर कोतवाली रानीखेत में मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर में आरोप लगाया गया कि जगत सिंह बोरा ने उसके मामा के बेटे सागर सिंह के गले पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। साथ ही सागर की मां जानकी देवी और दादी साबुली (शोभा) देवी पर हथौड़े और धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों महिलाओं का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। कोतवाली रानीखेत के प्रभारी निरीक्षक भुवन चंद्र जोशी के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी जगत सिंह बोरा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और लोहे का घन भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब दो माह पहले गांव में एक शादी समारोह के दौरान स्कूटी में आए स्क्रैच को लेकर उसका मृतक और उसके भाई से विवाद हुआ था। उसी दिन उसने बदला लेने की ठान ली थी। योजना के तहत वह खैरना से खरीदा हुआ लोहे का घन और रानीखेत से खरीदा चाकू लेकर मृतक के घर पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया। इधर, युवक की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव उठाने से इनकार कर दिया और कोतवाली परिसर में करीब पांच घंटे तक प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के समझाने-बुझाने पर ग्रामीण शांत हुए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक सागर सिंह सेना भर्ती की तैयारी के सिलसिले में क्षेत्र में आया हुआ था।

