वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 480 टिन अवैध लीसा से भरा कैंटर पकड़ा; चालक फरार, परिचालक गिरफ्तार
नैनीताल जिले के रामनगर स्थित तराई पश्चिमी वन प्रभाग की बन्नाखेड़ा रेंज टीम ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 480 टिन अवैध लीसा से भरे एक कैंटर को पकड़ लिया। वाहन चालक जंगल की ओर भागने में सफल रहा, जबकि परिचालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। वन विभाग ने वाहन और बरामद लीसा को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रामनगर/नैनीताल। तराई पश्चिमी वन प्रभाग की बन्नाखेड़ा रेंज ने अवैध लीसा परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेजों के ले जाए जा रहे 480 टिन लीसा से भरे कैंटर को पकड़ लिया। इस दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि परिचालक को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर लिया।

वन विभाग के अनुसार, बन्नाखेड़ा रेंज को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कैंटर संख्या UK19CA0856 रानीखेत-भिकियासैंण से बेतालघाट होते हुए रामनगर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही उप वन क्षेत्राधिकारी दीवान सिंह रौतेला के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया और बन्नाखेड़ा, बैलपड़ाव, नया गांव तथा बरैनी क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई।
करीब साढ़े दस बजे नया गांव में चेकिंग के दौरान संदिग्ध कैंटर दिखाई दिया। वन कर्मियों द्वारा वाहन रोकने का इशारा करने पर चालक वाहन को तेज गति से बरैनी की ओर ले गया। इसके बाद बन्नाखेड़ा और बरैनी रेंज की संयुक्त टीम ने वाहन का पीछा किया। घिरता देख चालक ने नया गांव-बरैनी मोटर मार्ग पर जंगल के किनारे वाहन रोक दिया और परिचालक के साथ जंगल की ओर भागने लगा।
वन कर्मियों ने पीछा कर परिचालक को मौके से पकड़ लिया, जबकि चालक फरार होने में सफल रहा। वाहन की तलाशी लेने पर ऊपर फूड कैट लदे मिले। इन्हें हटाने पर काली पन्नी से ढके 480 टिन लीसा बरामद हुए। पूछताछ के दौरान परिचालक लीसा के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
वन विभाग ने वाहन सहित बरामद लीसा को विभागीय अभिरक्षा में लेकर रेंज कार्यालय बन्नाखेड़ा भेज दिया है। फरार चालक की तलाश जारी है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
डीएफओ तराई पश्चिमी प्रकाश आर्या ने कहा कि अवैध रूप से लीसा परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बिना वैध प्रपत्रों के लीसा का परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

