टनकपुर में धूमधाम से मना दशहरा महोत्सव, रावण दहन के साथ आतिशबाजी ने मोहा मन
श्रीमद्भागवत कथा, डांडिया, निःशुल्क चिकित्सा शिविर और डांस कॉम्पटीशन रहे आकर्षण; बुधवार को लकी ड्रॉ और पुरस्कार वितरण के साथ होगा समापन
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर में नव युवक रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित दशहरा महोत्सव उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के विशाल पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान भव्य आतिशबाजी से आसमान जगमगा उठा और मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। दस दिन तक चले रामलीला मंचन के साथ इस बार महोत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजेंद्र चौधरी और विशिष्ट अतिथियों उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, सीओ निहारिका सेमवाल, नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार, अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल, कोतवाल चेतन रावत तथा व्यापार मंडल अध्यक्ष वैभव अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
दस दिवसीय रामलीला मंचन में कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन और उनकी लीलाओं का जीवंत चित्रण किया। विजयादशमी पर रावण परिवार के पुतलों का दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। भगवान श्रीराम के रावण पर बाण चलाते ही आतिशबाजी की रोशनी से आसमान जगमगा उठा। पूरनपुर से आई विशेष आतिशबाजी टीम के प्रदर्शन ने भी लोगों का ध्यान खींचा। मेले में लगे झूले, खेल और खानपान के स्टॉल बच्चों से लेकर बड़ों तक के आकर्षण का केंद्र रहे।

धार्मिक आयोजन से लेकर डांस कॉम्पटीशन तक की धूम
दशहरा महोत्सव को व्यापक स्वरूप देते हुए नव युवक रामलीला कमेटी ने विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए। महोत्सव के तहत श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया, वहीं महिलाओं के लिए विशेष डांडिया कार्यक्रम भी हुआ। निःशुल्क चिकित्सा शिविर में सैकड़ों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
उत्तराखंड डांस कॉम्पटीशन में स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से लोक संस्कृति की झलक पेश की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मनोरंजन किया और महोत्सव को धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक सहभागिता का मंच भी बनाया।

बुधवार को लकी ड्रॉ और पुरस्कार वितरण
नव युवक रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी पदाधिकारियों और नगरवासियों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि बुधवार को लकी ड्रॉ और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विजेताओं को सम्मानित करने के साथ स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
आयोजन में कमेटी के संस्थापक विशाल अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष नीरज सिंह, संजय पांडेय, प्रतिभा अग्रवाल, संरक्षक बद्री प्रसाद शर्मा, ओंकार सिंह, बोर्ड अध्यक्ष गौरव गुप्ता, सचिव मयंक पंत, उपाध्यक्ष संजय गर्ग, कोषाध्यक्ष अमित परवेज, मेला संचालक हरीश भट्ट तथा सदस्य पूनम कोहली, गीता गुप्ता, सुषमा गुप्ता और दीपक राय सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।

