लोहाघाट : लैब में केमिकल गैस से आठ छात्राएं व शिक्षिका हुई बेहोश
पॉलीटेक्निक कॉलेज में केमिकल की बोतल टूटने से उठा धुआं, अस्पताल में भर्ती सभी की हालत स्थिर
लोहाघाट/चम्पावत। राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज लोहाघाट की लैब में फार्मेसी छात्राओं के प्रैक्टिकल के दौरान केमिकल बोतल टूटने से गैस फैल गई। जिसके प्रभाव से एक शिक्षिका सहित 8 छात्राएं बेहोश हो गईं। सभी को उपजिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के बाद हालत खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार शनिवार को फार्मेसी प्रथम वर्ष की छात्राएं प्रैक्टिकल कर रही थीं। तभी पास में रखी ऐसिटाइल क्लोराइड (Acetyl Chloride) की बड़ी बोतल अचानक मेज से नीचे गिर गई और फट गई। बोतल के टूटते ही केमिकल की तेज और तीखी गंध पूरे लैब में फैल गई। जिससे शिक्षिका व छात्राओं को सांस लेने में तकलीफ व बेहोशी होने लगी। अचानक हुई घटना से कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। कॉलेज प्रशासन और स्टाफ की मदद से सभी को तुरंत लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया।

प्रभावितों में शिक्षिका शैलजा के अलावा छात्राएं कामाख्या, काजल, दिया, शिवानी, गुंजन, गरिमा, संजना व निकिता शामिल हैं। प्रभारी प्रधानाचार्य अनिल रौतेला ने बताया लैब में वेंटिलेशन पर्याप्त था, लेकिन अचानक धुंए से छात्राओं को परेशानी हुई। तुरंत अस्पताल ले गए। फिलहाल लैब बंद है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी, डॉ. ज्ञान प्रकाश व फिजिशियन डॉ. राकेश जोशी ने गैस से प्रभावित शिक्षिका व छात्राओं का उपचार किया। बताया कि छात्राओं और शिक्षिका को सांस लेने में दिक्कत, खांसी, आंखों में जलन और बेहोशी की शिकायत हुई थी। सभी को ऑक्सीजन सपोर्ट देकर उपचार किया जा रहा है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर है। सभी को निगरानी में रखा गया है।
घटना के बाद कॉलेज में प्रयोगशालाओं में सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि केमिकल स्टोरेज और हैंडलिंग को लेकर अतिरिक्त सावधानी की जरूरत है। कॉलेज प्रशासन द्वारा मामले की समीक्षा किए जाने की बात कही जा रही है।

