शहीद रेवाधर के नाम पर हुआ राजकीय आईटीआई खेतीखान का नामकरण
मुख्यमंत्री धामी की पहल से वीर सैनिक को स्थायी सम्मान, शहीद की वीरांगना और दोनों पुत्रियां भी रहीं मौजूद
चम्पावत। देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जनपद के खेतीखान निवासी वीर सैनिक शहीद रेवाधर के सम्मान में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) खेतीखान का नामकरण अब उनके नाम पर कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल से शहीद का नाम सरकारी संस्थान से जोड़कर उन्हें स्थायी सम्मान दिया गया है।
नामकरण कार्यक्रम में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल उमेद सिंह ने शहीद रेवाधर के शौर्य और पराक्रम को याद करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों का सम्मान समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। कर्नल उमेद सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि आईटीआई के साथ शहीद रेवाधर का नाम जुड़ने से उनकी वीरता और बलिदान को हमेशा याद किया जाता रहेगा।

वीरांगना पत्नी और बेटियां भी रहीं मौजूद
कार्यक्रम में शहीद रेवाधर की वीरांगना पत्नी और उनकी दोनों पुत्रियां भी मौजूद रहीं। अपने वीर पति और पिता का नाम सरकारी संस्थान से जुड़ते देख शहीद का परिवार भावुक नजर आया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से सैनिकों, पूर्व सैनिकों, शहीद सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान को प्राथमिकता दिए जाने की बात कही गई।
क्षेत्र के लिए गौरव का विषय
खेतीखान के लोगों ने राजकीय आईटीआई का नाम शहीद रेवाधर के नाम पर किए जाने का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि संस्थान से जुड़ा शहीद का नाम युवाओं को देशसेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा।

