घाट-पनार सड़क पर कार पर गिरा भारी बोल्डर, बड़ा हादसा टला
दो कारों पर गिरे बोल्डर, चार लोग घायल; सरयू नदी किनारे गिरे दो लोगों का रेस्क्यू जारी
चम्पावत। जनपद में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच सोमवार दोपहर घाट-पनार सड़क पर बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। मसान बाबा मंदिर के पास पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिरने से एक अल्टो कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में चार लोगों के घायल होने की सूचना है।

जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 12 बजे पनार से घाट की ओर जा रही अल्टो कार संख्या UK 05 A 2878 पर मसान बाबा मंदिर के पास पहाड़ी से बड़ा बोल्डर आ गिरा। बताया जा रहा है कि इस दौरान दो कारें बोल्डर की चपेट में आई हैं। बोल्डर गिरने से कार में सवार दो लोग वाहन के भीतर फंस गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर किसी तरह दोनों को कार से बाहर निकाला। वहीं दो अन्य लोग सड़क से नीचे सरयू नदी के किनारे जा गिरे। नदी में तेज बहाव होने के कारण उनका रेस्क्यू चुनौतीपूर्ण हो गया।



जान जोखिम में डालकर स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना सरयू नदी के किनारे पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नदी उफान पर होने के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाइयां सामने आईं। हालांकि नदी में गिरे दोनों लोगों के सुरक्षित होने की जानकारी है। रेस्क्यू अभियान में पप्पू सामंत, होटल स्वामी, श्याम सिंह सामंत, मदन सामंत और लाल सिंह सामंत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसडीएम लोहाघाट नीतू डांगर के नेतृत्व में टीम द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाया गया। हादसे में घायल दो लोगों को उपचार के लिए लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय भेजा गया है। वहीं नदी किनारे गिरे दोनों लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सरयू नदी की चपेट में आने से बचे
गनीमत रही कि नदी किनारे गिरे दोनों लोग सरयू नदी के तेज बहाव की चपेट में नहीं आए। यदि वे नदी के उफनते पानी में चले जाते तो हादसा बेहद गंभीर और जानलेवा हो सकता था। हादसे में अल्टो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं सोमवार सुबह भी घाट-पनार राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा आने के कारण यातायात बाधित हुआ था। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र में पहाड़ी से बोल्डर और मलबा गिरने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन और पुलिस द्वारा लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की जा रही है।

