भारी बारिश में मुस्तैद चम्पावत पुलिस, संवेदनशील क्षेत्रों से सड़कों तक कड़ी निगरानी
यात्रियों को सुरक्षित मार्ग की जानकारी देने के साथ आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात
चम्पावत। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए चम्पावत पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में जिलेभर में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।




पुलिस बल द्वारा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों, जलभराव वाले इलाकों, नदी-नालों एवं गधेरों के आसपास लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है। प्रमुख आवागमन मार्गों पर भी पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि बारिश के कारण यातायात प्रभावित होने की स्थिति में तत्काल व्यवस्था संभाली जा सके। बारिश से प्रभावित अथवा बाधित होने वाले मार्गों पर पुलिस मौके पर मौजूद रहकर यातायात को सुचारु बनाए रखने के साथ वाहन चालकों और यात्रियों को सुरक्षित मार्ग की जानकारी एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही है।
नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता
तेज बारिश के चलते नदी-नालों और गधेरों में अचानक जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस द्वारा इन क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जा रही है। मौसम की स्थिति के अनुसार संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
पुलिस की आमजन से अपील
चम्पावत पुलिस ने स्थानीय लोगों, यात्रियों और वाहन चालकों से भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि नदी-नालों, गधेरों और जलभराव वाले स्थानों के पास जाने से बचें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल सहायता लें।
किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 पर संपर्क करें।
सावधानी ही सुरक्षा है।

