चम्पावत में धारदार हथियार से वार कर बुजुर्ग को मौत के घाट उतारा, ग्रामीण दहशत में
चम्पावत। चम्पावत जनपद के नरियालगांव क्षेत्र के खर्क बगड़/सनिया गांव में एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर बुजुर्ग की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि टनकपुर से अपने गांव पहुंचे एक बुजुर्ग पर गांव के ही युवक ने धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। हत्यारोपी को गांव वालों ने दबोच लिया। जिसे बाद में पुलिस के हवाले किया गया।

जानकारी के अनुसार खर्कबगड़/सनिया गांव निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग अम्बादत्त खर्कवाल विवाह समारोह में शामिल होने टनकपुर गए थे। वे आज शनिवार को टनकपुर से अपने घर लौटे थे। इसी दौरान अम्बादत खर्कवाल (70) की सुभाष चंद्र खर्कवाल नाम के 40 वर्षीय युवक ने धारदार हथियार से सिर पर वार कर दिया। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दिनदहाड़े हुए हत्याकांड से गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर हत्यारोपी को दबोच लिया और मामले की सूचना पुलिस को दी। हत्यारोपी युवक को पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
हत्या किस कारण से हुई फिलहाल अभी इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हत्यारोपी मृतक का ही पड़ोसी है। वह मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार अम्बादत्त अकेले रहते थे। उनके दो बेटे और एक बेटी है। बेटे काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। कोतवाल बीएस बिष्ट ने बताया है कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा भरकर आरोपी सुभाष को हिरासत में ले लिया गया। हत्याकांड की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए चम्पावत भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सुरक्षा की मांग की है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

