चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

40 हजार में सोलर कार बनाने वाले राहुल नरियाल सम्मानित, डीएम ने माता-पिता को भी किया सम्मानित

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत के युवा नवाचारी की उपलब्धि की सराहना, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी कर चुके हैं सम्मानित

चम्पावत। महज एक महीने के प्रयास और करीब 40 हजार रुपये की लागत से सोलर कार तैयार करने वाले चम्पावत के युवा नवाचारी राहुल नरियाल को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने राहुल के साथ उनके पिता भैरव दत्त नरियाल और माता बसंती देवी को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने राहुल की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Ad Ad

चम्पावत के मादली निवासी राहुल नरियाल इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्र हैं। उन्होंने वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक सीट वाली सोलर कार तैयार की है। सीमित संसाधनों में तकनीकी ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग कर सोलर कार बनाने की उनकी पहल युवाओं के लिए प्रेरणादायी मानी जा रही है। राहुल की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पूर्व में उन्हें सम्मानित कर चुके हैं।

राहुल डेराबस्सी स्थित लोंगोवाल पॉलीटेक्निक कॉलेज में अध्ययनरत हैं। पढ़ाई के साथ तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में उनके इस प्रयोग ने उनकी रचनात्मक सोच और मेहनत को सामने रखा है। उनकी उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि जनपद चम्पावत का भी गौरव बढ़ा है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राहुल की मेहनत, लगन और नवाचार के प्रति रुचि की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी नई तकनीक सीखने और अपने ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग करने के लिए प्रेरित करती हैं। जिलाधिकारी ने राहुल को भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।