वर्षाकाल को देखते हुए नगर पालिका चम्पावत का सर्वेक्षण अभियान, असुरक्षित भवन से छह लोगों को रैन बसेरे में पहुंचाया
चम्पावत। वर्षाकाल के दौरान संभावित आपदाजनित परिस्थितियों को देखते हुए नगर पालिका परिषद चम्पावत ने नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में स्थलीय सर्वेक्षण एवं निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान जलभराव, भूस्खलन, क्षतिग्रस्त भवनों समेत अन्य संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों का जायजा लिया गया। नगर पालिका की टीम ने छतार, तल्ली मादली, मल्ली मादली, गोरलचौड़, कनलगांव, भेरवा, बालेश्वर, नागनाथ और जूप समेत विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर वर्षाकाल के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं और संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी जुटाई।
इसी क्रम में बालेश्वर वार्ड के पहरूड़ा क्षेत्र में एक भवन की बुनियाद क्षतिग्रस्त पाए जाने पर उसे असुरक्षित घोषित किया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भवन में रह रहे छह लोगों को नगर पालिका के रैन बसेरे में आश्रय दिलाया गया। साथ ही उनके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गईं। नगर पालिका की तत्परता से प्रभावित परिवार को तत्काल सुरक्षित स्थान उपलब्ध हो सका। इसके अलावा छतार वार्ड के डिप्टेश्वर तथा नागनाथ वार्ड के रोपा और रोखेत क्षेत्रों में भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। टीम ने स्थानीय परिस्थितियों का जायजा लेते हुए संवेदनशील स्थानों और संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों की जानकारी जुटाई।

नगर पालिका प्रशासन ने कहा कि वर्षाकाल के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ ही हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सर्वेक्षण अभियान के दौरान अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी, अवर अभियंता आशीष धिमान, सिटी मिशन मैनेजर महेश चौहान, कर संग्रहकर्ता प्रकाश गिरी, विद्युत कर्मी सूरज पुनेठा, वार्ड सभासद दिनेश चंद्र बर्दोला एवं सामाजिक कार्यकर्ता सनी वर्मा सहित संबंधित टीम के सदस्य मौजूद रहे।

