चंपावतजनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर की विकास परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, डीएम ने शारदा कॉरिडोर, आईएसबीटी व रोपवे समेत प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी विकास योजनाओं को समयबद्ध गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शारदा कॉरिडोर, आईएसबीटी, रोपवे सहित टनकपुर क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनहित एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का परीक्षण करते हुए सभी संबंधित विभागों, कार्यदायी संस्थाओं और हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच के अनुरूप टनकपुर क्षेत्र की विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Ad Ad

उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यदायी संस्थाएं, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (पीएमयू), यूपीडीसीसी और संबंधित ठेकेदार आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्माण कार्यों में आने वाली तकनीकी और प्रशासनिक बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने बताया कि अब टनकपुर क्षेत्र में संचालित सभी विकास कार्यों, आधारभूत संरचना परियोजनाओं और स्वच्छता अभियानों की प्रगति एवं गुणवत्ता की समीक्षा प्रत्येक शुक्रवार को नियमित रूप से की जाएगी। इसके लिए सभी कार्यदायी संस्थाओं को प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्यों की सतत निगरानी और प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में ककराली गेट से मां पूर्णागिरि मंदिर तक संचालित विद्युतीकरण एवं आधुनिक प्रकाश व्यवस्था के कार्यों की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा ठूलीगाड़ में प्रस्तावित मल्टी-लेवल कार पार्किंग परियोजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं को अनुबंधित समय-सीमा से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा जाए। यदि किसी भी परियोजना के क्रियान्वयन में जिला प्रशासन के सहयोग या किसी अनुमति की आवश्यकता हो तो उसे तत्काल प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए, ताकि आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराकर विकास कार्यों की गति प्रभावित न हो।

बैठक में विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा, ज्येष्ठ प्रमुख भुवन चंद पाण्डेय, अधिशासी अभियंता विजय सकारिया, अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल, शारदा परियोजना के टीम लीडर सत्यजीत राय गुप्ता, प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित बंसल, मयंक मित्तल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं अन्य हितधारक उपस्थित रहे।