उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतम

रविवार को भी खुलेंगे सरकारी बैंक, आज ही निपटा लें जरूरी काम; 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। बैंक ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है। सोमवार 28 सितंबर से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल के मद्देनजर आज रविवार 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (PSB) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) सामान्य रूप से खुले रहेंगे। केंद्र सरकार ने ग्राहकों को लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं में परेशानी से बचाने के लिए यह व्यवस्था की है।

वित्त मंत्रालय के अनुसार, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 27 सितंबर को सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम-लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को संचालित रखने की मंजूरी दी है। ऐसे में जिन ग्राहकों को नकद लेनदेन, चेक, पासबुक या अन्य शाखा संबंधी जरूरी काम निपटाने हैं, वे आज बैंक पहुंचकर अपना काम करा सकते हैं।

Ad Ad

28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28, 29 और 30 सितंबर को देशव्यापी तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल का सबसे अधिक असर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और शाखा आधारित सेवाओं पर पड़ने की संभावना है। बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करना शामिल है। फिलहाल बैंकों में दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है। इसके अलावा यूनियनों की ओर से पेंशन और अन्य सेवा संबंधी मांगें भी उठाई जा रही हैं।

किन सेवाओं पर पड़ सकता है असर?

हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में नकद जमा-निकासी, चेक क्लियरिंग, दस्तावेज जमा करने और अन्य काउंटर आधारित सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। वहीं UPI, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और एटीएम जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है, हालांकि किसी सेवा में स्थानीय या तकनीकी व्यवधान संभव है।