चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत में सर्किट हाउस का निर्माण कार्य अंतिम चरण में, 31 जुलाई तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत निर्माणाधीन सर्किट हाउस (राज्य अतिथि गृह) का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। रविवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया तथा अधिकारियों को 31 जुलाई तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं, ताकि परियोजना जल्द जनपद को समर्पित की जा सके।

Ad Ad

जिलाधिकारी ने बताया कि सर्किट हाउस का निर्माण पारंपरिक कुमाऊँनी स्थापत्य शैली में किया जा रहा है। भवन के निर्माण में स्थानीय वास्तुकला, प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरणीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे यह आधुनिक सुविधाओं के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतिनिधित्व करेगा।

उन्होंने कहा कि नए सर्किट हाउस के बनने से राज्य स्तरीय अतिथियों, वरिष्ठ अधिकारियों और विशिष्ट आगंतुकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा प्रशासनिक व्यवस्थाएं और मजबूत होंगी तथा पर्यटन एवं विकास गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मोहन चंद पलड़िया सहित विभागीय अधिकारी और निर्माण कार्य से जुड़े कार्मिक मौजूद रहे।