चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर में ₹237.74 करोड़ से बन रहा आईएसबीटी, डीएम-एसपी ने परखी निर्माण कार्यों की प्रगति

ख़बर शेयर करें -

निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) की प्रगति परखने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परिसर का भ्रमण कर विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। साथ ही सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

Ad Ad

परिवहन व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत के संकल्प के अनुरूप आईएसबीटी जैसी महत्वपूर्ण परियोजना टनकपुर के विकास में अहम भूमिका निभाएगी। इसके तैयार होने से यात्रियों को आधुनिक और सुव्यवस्थित परिवहन सुविधाएं मिलेंगी। मां पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि परियोजना से स्थानीय व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की भी उम्मीद है। टनकपुर की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं को देखते हुए आईएसबीटी का निर्माण महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर भी जोर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परिसर में यातायात प्रबंधन, वाहनों के सुगम आवागमन, पार्किंग और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण के दौरान सीएनडीएस के परियोजना प्रबंधक गिरीश पंत सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।