चम्पावत-बनबसा दौरे पर सीएम धामी, विकास योजनाओं की देंगे सौगात; नशामुक्ति दौड़ को दिखाएंगे हरी झंडी
नागार्जुन पार्क का लोकार्पण, बनबसा में हनुमान मूर्ति का अनावरण और खिलाड़ियों को पुरस्कार व खेल किट का वितरण करेंगे मुख्यमंत्री
चम्पावत/बनबसा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को चम्पावत और बनबसा के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ नशामुक्ति अभियान, धार्मिक कार्यक्रमों और खेल गतिविधियों में प्रतिभाग करेंगे। बनबसा में मुख्यमंत्री ‘रन फॉर नशा मुक्ति अभियान’ का शुभारंभ करेंगे और सीएसआर के तहत उपलब्ध कराए जाने वाले टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। वहीं, मिनी स्टेडियम में खिलाड़ियों को पुरस्कार और खेल किट वितरित करेंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे सर्किट हाउस हेलीपैड, चम्पावत पहुंचेंगे। यहां वे जनपद की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ अन्य कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। दोपहर एक बजे सर्किट हाउस से रवाना होकर 1:05 बजे नागार्जुन पार्क पहुंचेंगे, जहां नवनिर्मित पार्क का लोकार्पण करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे होटल न्यू तिवारी पहुंचेंगे। यहां 1:45 से 2:45 बजे तक जनप्रतिनिधियों के साथ भेंट-वार्ता का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके बाद निर्धारित समय के अनुसार वे सर्किट हाउस हेलीपैड पहुंचकर हेलीकॉप्टर से बनबसा के लिए रवाना होंगे।
बनबसा में नशामुक्ति अभियान और धार्मिक कार्यक्रम
मुख्यमंत्री शाम 3:50 बजे एनएचपीसी हेलीपैड, बनबसा पहुंचेंगे। यहां से कार से रवाना होकर शाम 4:10 बजे पाटनी तिराहा पहुंचेंगे। यहां वे ‘रन फॉर नशा मुक्ति अभियान’ का शुभारंभ करेंगे और सीएसआर के तहत टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसी दौरान नवनिर्मित श्री हनुमान जी की मूर्ति का अनावरण और सुंदरकांड पाठ में सहभागिता भी प्रस्तावित है।
मिनी स्टेडियम में खिलाड़ियों को करेंगे सम्मानित
शाम 4:50 बजे मुख्यमंत्री बनबसा के मिनी स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां वे बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का शुभारंभ करेंगे। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार और खेल किट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री शाम 5:50 बजे मिनी स्टेडियम से अपने निजी आवास नगला तराई, खटीमा के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी करने और संबंधित विभागों को कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के निर्देश दिए हैं।

