मुख्यमंत्री के प्रस्तावित चम्पावत दौरे की तैयारियां तेज, डीएम ने सर्किट हाउस और रजत जयंती पार्क का किया निरीक्षण
18 अक्टूबर को प्रस्तावित भ्रमण के दौरान विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, नशामुक्ति दौड़ और जनसंवाद कार्यक्रम भी होंगे
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 18 अक्टूबर को प्रस्तावित चम्पावत भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सर्किट हाउस चम्पावत और रजत जयंती पार्क (नागार्जुन पार्क) का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।


प्रस्तावित भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री जिले में पूर्ण हो चुके विभिन्न जनहितकारी कार्यों का लोकार्पण और विकास योजनाओं का शिलान्यास कर सकते हैं। इसके अलावा स्थानीय संभ्रांत नागरिकों और विभिन्न समूहों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की भी तैयारी है। इसके माध्यम से क्षेत्रीय जनता की अपेक्षाओं और समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।
नशामुक्ति दौड़ और जनसुविधाओं का लोकार्पण भी प्रस्तावित
कार्यक्रम के तहत खेल विभाग के सहयोग से नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत विशेष दौड़ आयोजित करने की योजना है। वहीं, कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के माध्यम से प्राप्त होने वाली विभिन्न जनसुविधाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित करने का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी न रहने देने को कहा, ताकि कार्यक्रमों का संचालन सुचारु रूप से हो सके और जनता को अधिकतम लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, प्रदेश मंत्री निर्मल महारा, उप जिलाधिकारी बिपिन चंद्र पंत, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल और ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील दत्ताल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

