खेलचंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर में खेल महाकुम्भ-2026 का शुभारंभ, सीएम धामी बोले- उत्तराखंड को बनाएंगे ‘खेलभूमि’

ख़बर शेयर करें -

विजेता खिलाड़ियों को डीबीटी से करीब 11 करोड़ की पुरस्कार राशि, राज्य स्तरीय पदक विजेताओं को सरकारी सेवाओं में मिलेगा 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण

टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को टनकपुर स्थित स्व. कैलाश चंद्र गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम में ‘खेल महाकुम्भ-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट खिलाड़ी गहना महर को मशाल सौंपकर प्रतियोगिता का आगाज किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और निष्पक्षता की शपथ ली तथा योगासन और पारंपरिक खेल ‘मुर्गा झपट’ का प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल महाकुम्भ गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को न्याय पंचायत स्तर से राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच है। सरकार का लक्ष्य है कि संसाधनों और अवसरों के अभाव में कोई प्रतिभाशाली खिलाड़ी पीछे न रहे।

Ad Ad

उन्होंने बताया कि इस वर्ष खेल महाकुम्भ में विजेता खिलाड़ियों को करीब 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में दी जाएगी। साथ ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में 4 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी दी जा रही है। अब तक 29 खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति दी जा चुकी है। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, आवास, भोजन, खेल उपकरण, शिक्षा और चिकित्सा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 8 से 14 वर्ष के बच्चों को छात्रवृत्ति और मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत 14 से 23 वर्ष के खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति के साथ खेल उपकरण खरीदने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है।

न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक होंगी प्रतियोगिताएं

खेल महाकुम्भ-2026 के तहत 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर, 11 से 20 सितंबर तक विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी, 21 से 30 सितंबर तक सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी और 10 से 30 अक्टूबर तक राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी आयोजित होगी। विभिन्न आयु वर्गों के बालक-बालिकाओं के साथ महिला ओपन और दिव्यांगजन वर्ग के खिलाड़ी भी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि न्याय पंचायत स्तर की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के खेल जीवन की पहली महत्वपूर्ण सीढ़ी हैं। उन्होंने चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण व सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।

इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित कुमार सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह, जिलाधिकारी मनीष कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।