बनबसा में सीमा पर शहीद स्मारक और विशाल तिरंगे का लोकार्पण, सीएम धामी ने वीरों को किया नमन
वीर नारियों और वीरता पदक विजेता को किया सम्मानित, बोले- सैनिकों और उनके परिवारों से मेरा गहरा भावनात्मक जुड़ाव
बनबसा/चम्पावत। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा बनबसा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैनिक स्मारक एवं झंडा पार्क का पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। एसएसबी जवानों के बिगुल वादन के बीच मुख्यमंत्री सहित उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल-भारत सीमा पर स्थापित यह शहीद स्मारक देश सेवा, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को याद दिलाएगा कि देश के वीर जवान विषम परिस्थितियों में भी राष्ट्र की रक्षा के लिए डटे रहते हैं और युवाओं को देश सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सीमावर्ती क्षेत्रों को देश के अंतिम नहीं, बल्कि पहले क्षेत्र’ के रूप में विकसित करने के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्रों और सैनिकों के कल्याण को सरकार प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं स्वयं एक सैनिक का पुत्र हूं, इसलिए सैनिकों के सम्मान के इस पावन कार्य में सहभागी बनना मेरे लिए गर्व और भावुकता का क्षण है।” उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीर सैनिकों की भूमि है और यहां अनेक परिवार सेना व अर्धसैनिक बलों के माध्यम से देश की सुरक्षा में योगदान दे रहे हैं।



वीर नारियों और वीरता पदक विजेता सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वीर नारियों, वीर माता और वीरता पदक विजेता को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में सरस्वती देवी, लक्ष्मी देवी, कमला देवी, खीमा देवी, माया चंद, सरस्वती देवी, ललिता चंद, गीता देवी और पिंकी रैसवाल शामिल रहीं। इसके अलावा वीर माता लक्ष्मी देवी तथा वीरता पदक विजेता सूबेदार गोपाल दत्त शर्मा (सेना मेडल) को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने वीर नारियों और भूतपूर्व सैनिकों से संवाद किया तथा एसएसबी जवानों के साथ फोटो खिंचवाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में सैनिकों का योगदान सर्वोपरि है और राज्य सरकार सैनिकों तथा उनके परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह (सेवानिवृत्त), एसएसबी कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम सहित अन्य अधिकारी, सेवानिवृत्त सैनिक, वीर माताएं और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

