उधमसिंह नगरनवीनतमहादसा

खटीमा : सड़क किनारे रेलिंग से टकराई बाइक, 28 वर्षीय दुकानदार की दर्दनाक मौत; सुबह राहगीरों ने देखा शव

ख़बर शेयर करें -

ऊधम सिंह नगर जिले के झनकईया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। देर रात घर लौटते समय उसकी बाइक काला पुल के पास सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई। बारिश और कम आवाजाही के कारण पूरी रात किसी को हादसे की जानकारी नहीं मिली। रविवार सुबह राहगीरों ने शव देखा तो घटना का खुलासा हुआ।

खटीमा/ऊधम सिंह नगर। झनकईया थाना क्षेत्र के काला पुल के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान महेंद्र बोरा (28) पुत्र गोविंद सिंह बोरा, निवासी नगरा तराई के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, महेंद्र मेलाघाट रोड पर एल्युमीनियम चौखट और खिड़कियां बनाने का काम करता था तथा उसकी अपनी दुकान भी थी। शनिवार रात दुकान बंद करने के बाद वह पास में रहने वाले एक रिश्तेदार के घर गया था। देर रात बाइक से अपने घर लौटते समय काला पुल के पास उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी एल्युमीनियम रेलिंग से टकरा गई।

Ad Ad

हादसा इतना भीषण था कि महेंद्र बाइक से उछलकर सड़क किनारे जा गिरा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रेलिंग से टकराने के दौरान उसके गले में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के समय क्षेत्र में बारिश हो रही थी और देर रात होने के कारण सड़क पर आवाजाही भी बेहद कम थी। यही वजह रही कि दुर्घटना के बाद पूरी रात किसी को इसकी भनक नहीं लगी।

रविवार सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना परिजनों के साथ झनकईया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
झनकईया थाना प्रभारी देवेंद्र गौरव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। महेंद्र दो भाइयों में छोटा था। उसकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी हुई है।